जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला बुद्धिपुर कोट में मंगलवार की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां चार माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर मारपीट कर छत से नीचे फेंकने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता सुबाहन टोली निवासी सुल्तान अहमद ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री आयशा खातून का निकाह करीब आठ वर्ष पूर्व बुद्धिपुर कोट निवासी इमरान शाह पुत्र जहांगीर शाह के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही आयशा को दहेज और घरेलू विवाद को लेकर प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार की रात करीब 11 बजे परिवार के लोग खाना खाने के बाद छत पर सोने गए थे। इसी दौरान आयशा की बहन गुड़िया, जिसका विवाह पास के ही एक घर में हुआ है, ने फोन कर मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि आयशा के पति इमरान शाह, ससुर जहांगीर शाह, सास अकबरी बेगम और जेठ इबरार ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से उसे छत से नीचे फेंक दिया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो आयशा गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर पड़ी मिली। परिजनों ने तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी और उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका चार माह की गर्भवती बताई जा रही है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।