गाजीपुर। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों के नेतृत्व में प्रमुख बाजारों, चौराहों और मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं गणमान्य लोगों से संवाद कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच भी की। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए गए और लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस ने नागरिकों से भी सहयोग और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।