गाजीपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर 30 मई को जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष उधम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन की ओर से जिला सूचना कार्यालय, गाजीपुर में दोपहर 2 बजे से हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. विजेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी करेंगे। समारोह में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और समाज में उसकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन की ओर से कचहरी स्थित संगठन भवन में भी हर वर्ष की भांति इस वर्ष 30 मई को पूर्वाह्न 11 बजे से एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया है। गोष्ठी में जनपद के वरिष्ठ पत्रकार, बुद्धिजीवी एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि भाग लेंगे और हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, वर्तमान परिदृश्य तथा लोकतंत्र में उसकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के संरक्षक अशोक कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के सभी पत्रकारों, साहित्यकारों एवं बुद्धिजीवियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर हिंदी पत्रकारिता दिवस को सार्थक बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसके मूल्यों तथा जिम्मेदारियों पर मंथन समय की आवश्यकता है। आयोजकों ने सभी पत्रकार बंधुओं से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित कर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।