गाजीपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जखनियां विधायक बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जिससे उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने चयनित सहायिकाओं से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण, टीकाकरण अभियान और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। विधायक बेदी राम ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में चयनित महिलाएं न केवल रोजगार प्राप्त करेंगी, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी कार्य करेंगी।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि सहायिकाओं को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे विभागीय योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर सकें। उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी ने बताया कि जनपद की 17 बाल विकास परियोजनाओं में कुल 1352 रिक्त पदों के सापेक्ष 1328 आंगनबाड़ी सहायिकाओं का चयन किया गया है। इनमें से 313 नवचयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों से तत्काल अपने संबंधित विकास खंडों में कार्यभार ग्रहण करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम के अंत में चयनित महिलाओं एवं उनके परिजनों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 30 मई को जनपद की 11 बाल विकास परियोजनाओं—विरनो, सदर, शहर, सादात, करंडा, रेवतीपुर, भदौरा, सैदपुर, जखनियां, मनिहारी और कासिमाबाद—में शेष 1015 नवचयनित सहायिकाओं को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।