गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जंगीपुर पुलिस ने हत्या और गौतस्करी के मामलों से जुड़े एक कुख्यात बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 29 मई की रात थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मदारपुर मार्ग स्थित बघोल पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर वह बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोप है कि उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जियाऊद्दीन उर्फ जियाऊ कुरैशी (35 वर्ष) पुत्र आजम कुरैशी, निवासी नोनहरा थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट और बिना चेसिस नंबर की एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी और मुठभेड़ के आधार पर थाना जंगीपुर में धारा 109(1), 351(3) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से हत्या, अवैध हथियार रखने, गौतस्करी और मारपीट जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।