गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने नकबजनी और चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 04/2026 के तहत नकबजनी एवं चोरी की घटना की जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी दीपक बिंद (22 वर्ष) निवासी कढ़ई भगवानपुर, थाना नंदगंज को रविवार को भुतहियाटाड़ रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी गए दो कैमरे, एक लैपटॉप, कैमरे की बैटरी, चार्जर, फ्लैश लाइट, पीली एवं सफेद धातु के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान में निकॉन कैमरा, डेल कंपनी का लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं, जो क्षतिग्रस्त अवस्था में पाए गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी महराजगंज उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार साहू एवं उपनिरीक्षक युगल किशोर राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।