गाजीपुर। नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘‘ऑपरेशन दहन’’ अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मुकदमों में बरामद करीब 208.118 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 9 करोड़ 56 लाख 52 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में थाना कासिमाबाद क्षेत्र स्थित सिलिकॉन वेलफेयर सोसायटी वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के इंसिनरेटर में मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया। जानकारी के अनुसार जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 17 मुकदमों से संबंधित लंबित मालों का निस्तारण किया गया। विनिष्टीकरण के दौरान 203.845 किलोग्राम गांजा तथा 4.273 किलोग्राम हेरोइन सहित कुल 208.118 किलोग्राम मादक पदार्थ नियमानुसार जलाकर नष्ट किए गए।
पूरी प्रक्रिया सुरक्षा मानकों, न्यायालयीन निर्देशों एवं विधिक प्रावधानों का पालन करते हुए सम्पन्न कराई गई। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई तथा आवश्यक अभिलेखों का विधिवत संधारण किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि गाजीपुर पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण से इनके दोबारा दुरुपयोग की संभावना समाप्त होती है और समाज में नशे के विरुद्ध एक सशक्त संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि, जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, डीसीआरबी प्रतिनिधि, संबंधित थानों के हेड मुहर्रिर तथा वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।