जमानिया। कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एक व्यक्ति को देशी शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी बिहार जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में वांछित अपराधियों एवं वारंटियों की तलाश में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बरेसर नहर से बूढ़ाडीह जाने वाली सड़क पर ग्राम बरेसर के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक के झोले में अवैध शराब लेकर खड़ा है और बिहार जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जगनारायण (40 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ‘ब्ल्यू लाइम’ ब्रांड के 20 पाउच देशी शराब बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा लगभग 4 लीटर बताई गई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।