गाजीपुर। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भर्ती परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून 2026 को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कराया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में कुल 4,800 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा आवश्यकतानुसार सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्धारित समय पर गोपनीय प्रश्नपत्र पैकेट प्राप्त कर उन्हें स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में केंद्र व्यवस्थापकों को उपलब्ध कराएं। वहीं स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पहले सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। परीक्षा कक्षों में बिजली, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था रहे, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, आयोग के अधिकारी, सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।