जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में न्यायालय के आदेश पर हुई भूमि मेढ़बंदी के बाद उत्पन्न विवाद को लेकर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित चन्द्रशेखर राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मौजा मोहम्मदपुर तालुका चौधरी अजमल स्थित उनकी भूमिधरी भूमि का उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-116 के तहत न्यायालय द्वारा विधिवत बंटवारा किया गया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 27 मई को क्षेत्रीय कानूनगो, हल्का लेखपाल एवं पुलिस बल की मौजूदगी में भूमि की पैमाइश कर मेढ़बंदी कराते हुए उन्हें कब्जा दिलाया गया था। आरोप है कि 28 मई को जब वह अपने हिस्से की भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई करा रहे थे, तभी गांव के मुन्ना प्रसाद, संध्या देवी, उमरावती देवी और सोनम देवी मौके पर पहुंच गए और कार्य रुकवा दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने गाली-गलौज की तथा राजस्व विभाग द्वारा सीमा निर्धारण के लिए लगाए गए सरकारी खूंटों को उखाड़कर फेंक दिया। तहरीर के अनुसार, सूचना पर पहुंची पीआरवी-112 टीम ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित नहीं माने और विरोध जारी रखा। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।