जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के देवैथा गांव में घरेलू विवाद को लेकर दो महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 3 जून की रात करीब नौ बजे की है। देवैथा गांव निवासी आरती देवी पत्नी ओमप्रकाश यादव एवं उनकी देवरानी पूजा देवी घर में कार्य कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान उनके पट्टीदार विजयी यादव, उनकी पत्नी धर्मावती देवी तथा पुत्र शिवनारायण यादव उर्फ मुन्ना और मुलायम यादव लाठी-डंडा एवं लोहे का पाइप लेकर घर में घुस आए। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया। मारपीट में आरती देवी और पूजा देवी घायल हो गईं। शोरगुल और चीख-पुकार सुनकर महिलाओं के पति, सास और ससुर जब पशुशाला से घर पहुंचे तो आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता आरती देवी ने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।