गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के थाना बिरनो परिसर में शुक्रवार को नए प्रशासनिक एवं आवासीय भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास कर किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर भवन निर्माण की आधारशिला रखी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नए भवन के निर्माण का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराना तथा आम नागरिकों की जनसुनवाई के लिए आधुनिक एवं सुविधायुक्त वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि भवन के निर्माण से थाना स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी और फरियाद लेकर आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं के लिए बेहतर बैठने एवं सुनवाई की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। प्रस्तावित भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। कार्यक्रम के दौरान नए भवन के शांतिपूर्ण एवं सुदृढ़ निर्माण की कामना की गई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, थाना प्रभारी बिरनो, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।