गाजीपुर। महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र की पहल पर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवादों के समाधान की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शुक्रवार को आयोजित परामर्श सत्र में कई मामलों की सुनवाई की गई।
परिवार परामर्श केंद्र में कुल 15 प्रकरणों पर सुनवाई हुई। इनमें लंबे समय से विवादित चल रहे तीन मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मध्यस्थता कराई गई। काउंसलिंग और संवाद के माध्यम से पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद दूर हुए तथा दोनों पक्षों की सहमति से परिवारों को पुनः एकजुट करते हुए सकुशल विदाई कराई गई। सुनवाई के दौरान दो मामलों में दोनों पक्षों के लगातार अनुपस्थित रहने के कारण पत्रावली बंद कर दी गई। वहीं तीन अन्य मामलों में पक्षकारों को विधिक सलाह प्रदान करते हुए प्रकरणों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों में सहमति न बनने पर अगली तिथि निर्धारित की गई। इस अवसर पर काउंसलर कमरुद्दीन, पूजा श्रीवास्तव, महिला आरक्षी सविता, महिला आरक्षी रागिनी तथा आरक्षी शिव शंकर यादव सहित अन्य कर्मियों ने मध्यस्थता और परामर्श प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिवार परामर्श केंद्र द्वारा आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से पारिवारिक विवादों के समाधान का प्रयास लगातार जारी है, जिससे टूटते रिश्तों को नया जीवन मिल सके।