गाजीपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद गाजीपुर कार्यालय में आयोजित लोक कल्याण मेला पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। मेले में विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के सहयोग से पात्र लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा रहा है, जबकि नए आवेदनों का पंजीकरण भी किया जा रहा है।नगर पालिका प्रशासन के अनुसार यह विशेष अभियान 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित रहेगा। अभियान के दौरान रेहड़ी, पटरी, ठेला एवं फुटपाथ पर छोटे व्यवसाय करने वाले पात्र पथ विक्रेताओं को कार्यशील पूंजी बढ़ाने के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे उन्हें अपने व्यवसाय का विस्तार करने तथा आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
मेले में विभिन्न बैंकों के अधिकारी लाभार्थियों के आवेदन पत्रों का परीक्षण कर स्वीकृति प्रदान कर रहे हैं तथा स्वीकृत ऋण की राशि सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेंद्र कुमार राय ने नगर क्षेत्र के सभी पथ विक्रेताओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे शहरी पथ विक्रेता अपनी कार्यशील पूंजी बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकें। योजना का उद्देश्य छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाते हुए उनके रोजगार को स्थायित्व प्रदान करना है। नगर पालिका प्रशासन ने सभी पात्र पथ विक्रेताओं से नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त करने और समय रहते आवेदन कर लाभ लेने का आह्वान किया है।