गाजीपुर। जनपद गाजीपुर पुलिस ने वर्ष 2017 से अब तक अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक, गैंगस्टरों के विरुद्ध कार्रवाई और न्यायालयों में प्रभावी पैरवी के माध्यम से कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज की हैं। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार हत्या, लूट, चोरी तथा महिला संबंधी अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने 626 मुकदमे दर्ज कर 779 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 3114 किलोग्राम गांजा (लगभग 7.78 करोड़ रुपये मूल्य) तथा 33.834 किलोग्राम हेरोइन (लगभग 67.66 करोड़ रुपये मूल्य) बरामद की गई। आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 3973 मुकदमे दर्ज कर 4712 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई तथा उनके कब्जे से 1,68,339 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। वहीं शस्त्र अधिनियम के तहत 1875 मुकदमों में 2140 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 2089 अवैध हथियार और 2791 कारतूस बरामद किए गए।
गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत 335 मुकदमे दर्ज कर 1341 अभियुक्तों को जेल भेजा गया। साथ ही 151 मामलों में धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत लगभग 266 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस मुठभेड़ों के दौरान कुल 112 मामलों में कार्रवाई हुई, जिनमें 3 अपराधियों की मृत्यु तथा 136 अपराधी घायल हुए। न्यायालयों में प्रभावी पैरवी के चलते 1768 मुकदमों में 2673 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई। इनमें 232 अभियुक्तों को आजीवन कारावास तथा 2 अभियुक्तों को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई। गोवध अधिनियम के तहत 600 अभियोग दर्ज कर 1729 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 3606 गोवंश मुक्त कराए गए तथा 454 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त 88 मामलों में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की गई। पुलिस विभाग द्वारा आधारभूत संरचना के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस अवधि में नवसृजित थाना रामपुर मांझा, सैदपुर अग्निशमन केंद्र, जनपदीय साइबर थाना, पचरासी पुलिस चौकी, गोरारी और पैकवली चौकियों, थाना बिरनो भवन तथा पुलिस लाइन में 150 क्षमता वाली बैरक सहित कई निर्माण कार्य कराए गए या प्रगति पर हैं।पुलिस विभाग को इस दौरान 2496 नए पुलिसकर्मी प्राप्त हुए, जबकि पुलिसकर्मियों के कल्याण हेतु पुलिस लाइन में क्रेच, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट ग्राउंड और पुलिस कैफे की स्थापना की गई। साथ ही स्वास्थ्य संवर्धन के लिए योग एवं स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन भी किया जा रहा है। मीडिया सेल, गाजीपुर के अनुसार अपराध नियंत्रण, आधुनिक पुलिसिंग और जनसुरक्षा को लेकर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।