गाजीपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर जनपद गाजीपुर के सभी विकास खंडों में तीन दिवसीय प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 14 जून से 16 जून 2026 तक विकास खंड स्तर पर तथा 18 जून से 20 जून 2026 तक जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम एवं परिसर में आयोजित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, विभिन्न विभागों और विकास खंड प्रशासन के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, पीएम मातृ वंदना योजना, पीएम स्वनिधि योजना और अटल पेंशन योजना समेत अनेक योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा राज्य सरकार की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम विकास खंड मुख्यालय पर आयोजित प्रदर्शनी में भाग लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन को विकास यात्रा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।