गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। महाविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।
अब अभ्यर्थी 25 जून 2026 तक महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.pgcghazipur.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा निर्धारित प्रवेश शुल्क भी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित थी।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि तिथि विस्तार का उद्देश्य उन अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान करना है जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर सके थे। उन्होंने सभी इच्छुक छात्र-छात्राओं से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता मानदंड, प्रवेश परीक्षा की तिथि तथा अन्य दिशा-निर्देश समय-समय पर महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाते रहेंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की सलाह दी गई है।