गाजीपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर आयोजित होने वाले विकास मेला एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यालय स्तर पर 18 जून से 20 जून 2026 तक रायफल क्लब परिसर में आयोजित होने वाली विकास प्रदर्शनी एवं मेले की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। सीडीओ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से स्टॉल, योजनाओं के प्रदर्शन तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने उद्यान, पशुपालन, दुग्ध विकास, वन, सहकारिता, मत्स्य, ग्राम्य विकास, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), पीएम स्वनिधि, पंचायती राज, नेडा, पीएम सूर्यघर योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग, पर्यटन, शिक्षा, खेल, उद्योग, सेवायोजन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित अन्य विभागों की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने स्टॉल में नवाचार अपनाने और योजनाओं की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। सीडीओ ने अधिकारियों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।