गाजीपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राइफल क्लब गाजीपुर में जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित कर 50 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। यह कार्यक्रम लॉर्ड्स डिस्टलरी लिमिटेड, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय एवं जिला क्षय रोग विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान संचालित किया जा रहा है। मोबाइल मेडिकल वैन और हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों के माध्यम से गांव-गांव जाकर प्रतिदिन 600 से 700 चेस्ट एक्स-रे किए जा रहे हैं। साथ ही बलगम जांच के लिए जिले में 19 ट्रूनेट एवं 2 सीबी-नैट मशीनें उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 15 तारीख को सभी विकास खंडों में टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की जाती है। कार्यक्रम के दौरान लोगों से ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों को गोद लेने और उनके पोषण व उपचार में सहयोग करने की अपील भी की गई। इस अवसर पर लॉर्ड्स डिस्टलरी के प्रतिनिधियों के साथ जिला क्षय रोग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।