गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को सोमवार को चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में पंजीकृत मुकदमा संख्या 365/2026, धारा 103(1), 191(2) एवं 3(5) बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त शिवम दुबे और रहमान अली उर्फ गोल्डेन की तलाश की जा रही थी। मुखबिर सूचना और चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम दुबे पुत्र शैलेश कुमार दुबे निवासी रूहीपुर थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर तथा रहमान अली उर्फ गोल्डेन पुत्र स्वर्गीय रहमतुल्लाह निवासी सोहिलापुर बबेड़ी थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर शामिल हैं। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार शिवम दुबे के विरुद्ध वर्ष 2019 में आईटी एक्ट के तहत भी एक मुकदमा दर्ज है। वहीं रहमान अली उर्फ गोल्डेन का इस मामले के अतिरिक्त कोई अन्य आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, चौकी प्रभारी रजागंज उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता तथा पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।