गाजीपुर। थाना गहमर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक वांछित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 240 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 16 जून को उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह चन्देल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर गहमर सायर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त उपेन्द्र राय को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 240 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उपेन्द्र राय (34 वर्ष) पुत्र शिवजी राय, निवासी ग्राम बोहरमपुर, थाना शाहपुर, जनपद भोजपुर (आरा), बिहार के रूप में हुई है। वह पहले से ही थाना गहमर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।