जमानियां। कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के होम्योपैथिक केंद्र में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही। साथ ही स्वास्थ्य, ज्ञान एवं विश्व शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित होम्योपैथिक केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
होम्योपैथिक केंद्र के फार्मासिस्ट विपिन कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुबह 10 बजे से योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति एवं आत्मिक संतुलन का भी आधार है। योग का वैश्विक महत्व निरंतर बढ़ रहा है और यह कार्यक्रम लोगों को स्वस्थ एवं निरोग जीवन के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मानक योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए केंद्र की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे प्रतिभागियों ने अनुशासित वातावरण में योगाभ्यास किया। इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र प्रसाद, डॉ. सचिन कुमार, हीरा लाल, मोहित कुमार, लाल बहादुर, एजाज अंसारी, गौतम सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।