गाजीपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से ऑडिटोरियम हॉल, गाजीपुर में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के ताजिया आयोजकों, पार्षदों, ग्राम प्रधानों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आयोजकों से संवाद स्थापित करते हुए पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा अथवा नए मार्ग का प्रयोग न किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के अनुरूप संपन्न किए जाएं। पुलिस अधीक्षक ने सभी ग्राम प्रधानों, पार्षदों एवं ताजिया समितियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था कायम रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति एवं भाईचारे की परंपरा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया गतिविधियों पर प्रशासन की सतत निगरानी रहेगी। इसके अतिरिक्त आयोजकों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल स्थानीय थाना, क्षेत्राधिकारी अथवा कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक के अंत में उपस्थित सभी ताजिया आयोजकों, जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि जनपद में मोहर्रम का पर्व परंपरागत श्रद्धा, शांति एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।