गाजीपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने थाना कोतवाली क्षेत्र की रजदेपुर चौकी अंतर्गत ताजिया रखने वाले स्थलों तथा पारंपरिक जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों के मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा ताजिया रखने के स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मुहर्रम के आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि पर्व पारंपरिक उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।