गाजीपुर। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिरनो टोल प्लाजा पर विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, प्रभारी यातायात तथा थानाध्यक्ष बिरनो ने संयुक्त रूप से किया। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कुल आठ टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने टोल प्लाजा पर वाहनों की गहन जांच की।
जांच अभियान के दौरान मुख्य रूप से शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रंकन ड्राइव), प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) संबंधी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 135 वाहनों का चालान किया गया। जांच में एक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा नौ वाहनों पर प्रेशर हॉर्न लगाए जाने तथा 65 वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट न होने के कारण चालान किए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन के विभिन्न मामलों में कुल 3 लाख 42 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन संचालित करें तथा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें, जिससे दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।