गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की वसूली प्रगति और राजस्व लक्ष्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान परिवहन, वन, स्टाम्प एवं पंजीयन, नगर निकाय, ऑडिट आपत्तियां, चकबंदी, वाणिज्य कर, विद्युत देय, आबकारी, अंश निर्धारण तथा मोटर देय से संबंधित प्रकरणों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विभागवार लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्तियों का आकलन करते हुए अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में वाणिज्य कर एवं विद्युत विभाग की वसूली अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले माह तक वसूली की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नियमित रूप से वसूली कार्य संचालित करने तथा प्रगति की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की राजस्व संबंधी अपेक्षाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।