गाजीपुर| अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यदुपति नर्सिंग कॉलेज, गाजीपुर में “Yoga for Healthy Aging” विषय पर विशेष योग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिकाएं सोनम कुशवाहा, दीपा विश्वकर्मा, शिल्पी यादव एवं लक्ष्मी वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के महत्व को समझा और अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विशेषज्ञों ने स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवनशैली के निर्माण में योग की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी दी। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की उपयोगिता पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वस्थ, जागरूक तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।