जमानियां। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में आए 25 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मेले में डॉ. देवेंद्र कुमार की देखरेख में 14 पुरुष, 6 महिलाओं और 5 बच्चों का इलाज किया गया। अधिकांश मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी, शुगर और गठिया जैसी बीमारियों से पीड़ित थे। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और भीषण गर्मी के कारण वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने तथा मौसम के अनुसार खान-पान और रहन-सहन अपनाने की सलाह दी।मेले में स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान डॉ. शमशेर बहादुर, मोहित कुमार, हीरा लाल सहित अन्य कर्मचारियों ने भी मरीजों के उपचार और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।