गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ अभियान के तहत बुधवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। पुलिस ने आमजन को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन और कानूनों की जानकारी भी दी।इसके साथ ही जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने सक्रिय अभियान चलाते हुए संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण और सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान संदिग्ध एवं शोहदा तत्वों पर निगरानी रखी गई तथा आवश्यकतानुसार उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस विभाग ने बताया कि महिला सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।