गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान देने वाले तीन योग प्रशिक्षकों को पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को आयोजित सम्मान समारोह में योग प्रशिक्षक प्रतीक्षा पांडेय, धीरज राय और विजेता पंडित को उनके सहयोग, समर्पण और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इन प्रशिक्षकों ने 21 जून को पुलिस लाइन गाजीपुर में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सामूहिक कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने की अपील की। उन्होंने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी और पुलिसकर्मियों को नियमित योग के माध्यम से तनावमुक्त एवं ऊर्जावान रहने के लिए प्रेरित किया।