जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बरूईन नहर पुल के पास पारिवारिक विवाद के बाद हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर पर उसकी पत्नी और साले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहादुरपुर गांव निवासी चंदन कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 जून 2026 की शाम करीब चार बजे वह मोटरसाइकिल से बरूईन नहर पुल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी पत्नी को एक अज्ञात युवक के साथ बाइक पर देखा। पूछताछ और विरोध करने पर वह युवक मौके से फरार हो गया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसकी पत्नी ने अपने भाई बृजेश यादव को फोन कर मौके पर बुला लिया। दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि बृजेश यादव ने हाथ में पहने लोहे के पंच से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। चंदन कुमार यादव ने यह भी आरोप लगाया कि बुधवार को स्थानीय बाजार में मुलाकात होने पर बृजेश यादव ने दोबारा गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पत्नी और उसके भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।