जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के तियरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन युवक घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तियरी गांव निवासी लखीचंद गुप्ता ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया कि 28 जून की रात करीब आठ बजे गांव के ही हजारी, शेषवदन, विनोद और लाला ने पुरानी बातों को लेकर उनसे कहासुनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके पुत्र दीपक गुप्ता तथा भाई के पुत्र आनंद गुप्ता और आलोक गुप्ता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।Nमारपीट के दौरान दीपक गुप्ता के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि आनंद और आलोक को भी चोटें लगीं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।