गाजीपुर। थाना नोनहरा की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार युवक के 10,838 रुपये सफलतापूर्वक वापस कराए। धनराशि खाते में वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, लखमीपुर, पोस्ट फतेहपुर अटवां निवासी सत्यांश उपाध्याय ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। घटना के बाद उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराते हुए थाना नोनहरा को सूचना दी। थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी के निर्देशन में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी और उनकी टीम ने मामले की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पीड़ित के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) खाते में कुल 10,838 रुपये वापस कराए गए। इसमें 10,152 रुपये न्यायालय के आदेश के माध्यम से तथा 686 रुपये सीएफसीएफआरएमएस के एमआरएम पोर्टल (धारा 14C प्रक्रिया) के जरिए वापस कराए गए। धनराशि वापस मिलने के बाद सत्यांश उपाध्याय ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम का धन्यवाद किया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।