गाजीपुर। बहरियाबाद थाना पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार गोंड अपनी टीम के साथ हुरमुजपुर हॉल्ट के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वृन्दावन-ओडासन मार्ग स्थित पुलिया के पास से राकेश राम (22 वर्ष) पुत्र हरिश्चन्द्र, निवासी मीरपुर, थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ गाजीपुर के अलावा मऊ जनपद में चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।