गाजीपुर। जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सैदपुर तहसील में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने की। इस दौरान जनपद की सातों तहसीलों में कुल 613 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 55 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
सैदपुर तहसील में 139 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह का मौके पर समाधान किया गया। वहीं सेवराई तहसील में 59 में से चार, कासिमाबाद में 73 में से चार, जमानियां में 53 में से पांच, जखनियां में 123 में से 12, सदर में 57 में से पांच तथा मुहम्मदाबाद में 109 में से 19 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर समाधान कराया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश के साथ अग्रसारित किया गया। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद एवं आपसी विवाद अक्सर एक-दूसरे से जुड़े होते हैं, इसलिए दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर ऐसे मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, उपजिलाधिकारी सैदपुर, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार सैदपुर सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।