गाजीपुर। प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए सोमवार को नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। यह प्रतियोगिता 10 से 13 जुलाई 2026 तक चित्रकूट में आयोजित होगी।
जिला स्तरीय ट्रायल में विभिन्न भार वर्गों के कुल 25 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शन के आधार पर 11 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी अब 7 जुलाई को आयोजित होने वाले मंडलीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान देवेंद्र प्रसाद प्रजापति, सद्दाम खान, एम.डी. अब्दुल सलाम खान, शशि भूषण सिंह एवं जय हिंद यादव ने रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इस अवसर पर गाजीपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह, कार्यकारी सचिव वाशीम अहमद तथा क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन एवं देखरेख में जिला स्तरीय जूनियर बालक बॉक्सिंग चयन ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।