जमानियां। क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित बाईपास रेलवे फाटक पर शुक्रवार को तकनीकी खराबी आने के बाद रेलवे के सिग्नल एवं टेलीकॉम (एसएंडटी) विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फाटक के उत्तर दिशा में लगे खराब गियर बॉक्स को बदलकर नया गियर बॉक्स स्थापित कर दिया। इसके बाद फाटक का संचालन सामान्य हो गया।
गेटमैन श्रीनारायण सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात गेटमैन झाम बिहारी को ट्रेनों के आवागमन के दौरान रेलवे फाटक बंद करने में काफी परेशानी हो रही थी। फाटक का बूम (अवरोधक) बार-बार फंस रहा था, जिससे संचालन प्रभावित होने की आशंका थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल एसएंडटी विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और दोपहर करीब दो बजे खराब गियर बॉक्स को बदलकर नया गियर बॉक्स लगा दिया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद फाटक का संचालन पूरी तरह सुचारू हो गया, जिससे रेलकर्मियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। मरम्मत कार्य के दौरान रेल कर्मियों की सतर्कता और बेहतर समन्वय के चलते फाटक पर यातायात बाधित नहीं हुआ। किसी प्रकार का जाम नहीं लगा और न ही ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ।