गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव में चार वर्षीय बालक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई को गोड़ी खास निवासी जामवंत कुशवाहा ने अपने चार वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी थी। इस संबंध में थाना भांवरकोल में गुमशुदगी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की गई। 9 जुलाई को बालक का शव घर के समीप मिलने के बाद मामले में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं और जांच तेज कर दी गई। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी कबुतरी देवी (60), पत्नी तारानाथ कुशवाहा, निवासी गोड़ी खास, थाना भांवरकोल को शनिवार को मिर्जाबाद के आगे तेतरिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्ता के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है तथा उसे न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।