गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों हेतु संचालित निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण किया हो, जिनके माता-पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से एक लाख रुपये तक हो, आयु 35 वर्ष से अधिक न हो, वे गाजीपुर जनपद के मूल निवासी एवं बेरोजगार हों तथा किसी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहे हों। प्रशिक्षणार्थियों का चयन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई थी, जिसे बढ़ाकर अब 20 जुलाई 2026 कर दिया गया है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर आय एवं जाति प्रमाण पत्र, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की अंकतालिका व प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रतियों सहित दो सेट में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर कार्यालय में 20 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।