गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश ‘प्रथम आओ-प्रथम पाओ’ (First Come, First Served) के आधार पर किया जाएगा। प्रवेश संबंधी विस्तृत सूचना महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी तत्काल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के बाद अभ्यर्थियों को उसका प्रिंटआउट लेकर आवश्यक मूल अभिलेखों सहित 16 जुलाई 2026 से प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक महाविद्यालय की काउंसलिंग समिति के समक्ष उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन एवं प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। यह व्यवस्था अगली सूचना तक जारी रहेगी| प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के भीतर आवेदन पत्र एवं प्रवेश शुल्क जमा नहीं करने पर संबंधित सीट रिक्त मान ली जाएगी तथा उस पर प्रतीक्षा सूची अथवा अन्य पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जाएगा। प्रो. पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय ने डिजिटल इंडिया अभियान के अनुरूप प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन एवं पारदर्शी बनाया है। ऑनलाइन काउंसलिंग की व्यवस्था के माध्यम से अभ्यर्थी घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे समय रहते अपने पाल्यों का ऑनलाइन आवेदन कराकर आवश्यक अभिलेखों के साथ काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने में सहयोग करें।