गाजीपुर। खरीफ सीजन को देखते हुए जनपद में किसानों के लिए यूरिया एवं फॉस्फेटिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में उर्वरकों की किसी प्रकार की कमी नहीं है और सहकारी समितियों के माध्यम से लगातार वितरण किया जा रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार, जनपद के 181 सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर वर्तमान में 2200 मीट्रिक टन यूरिया तथा 1600 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक उपलब्ध हैं। वहीं, जनपद के बफर गोदाम में 5073 मीट्रिक टन यूरिया और 5146 मीट्रिक टन डीएपी का भंडार मौजूद है।
16 जुलाई को जिलाधिकारी की स्वीकृति से 2488 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन सहकारी समितियों को किया गया है, जिसका वितरण अगले दो से तीन दिनों में शुरू कर दिया जाएगा। खरीफ सीजन के दौरान अब तक 5248 मीट्रिक टन यूरिया और 5100 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन किया जा चुका है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष 16 जुलाई तक सहकारी समितियों एवं बिक्री केंद्रों के माध्यम से 1346 मीट्रिक टन यूरिया और 945 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक का वितरण हुआ था, जबकि इस वर्ष इसी अवधि तक 3126 मीट्रिक टन यूरिया और 2870 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक किसानों को उपलब्ध कराया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि जिलाधिकारी के प्रयासों से जनपद को लगातार यूरिया एवं डीएपी की रैक प्राप्त हो रही हैं, जिससे किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।