जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के बेटावर खुर्द गांव में मामूली विवाद को लेकर सगे भाई द्वारा कथित रूप से अपनी पत्नी के साथ मिलकर परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में एक व्यक्ति, उसकी वृद्ध मां और गर्भवती पत्नी घायल हो गईं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गोरखनाथ राम निवासी बेटावर खुर्द ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 जुलाई की रात करीब नौ बजे उनके घर के सामने कुछ लोगों की भीड़ जुटी थी। उन्होंने अपने भाई पिंटू राम से घर के सामने भीड़ न लगाने को कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।आरोप है कि इसके बाद पिंटू राम ने लाठी से गोरखनाथ पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी वृद्ध मां को भी धक्का देकर गिरा दिया गया। वहीं, गोरखनाथ की करीब दो माह की गर्भवती पत्नी लक्ष्मीना देवी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ में चोट आई। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।