जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के भैदपुर गांव निवासी युवक की मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में करीब तीन माह बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भैदपुर निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल उनकी पत्नी सुनीता के नाम पर पंजीकृत है। 14 अप्रैल 2026 को वह बाइक से बरुईन गांव में आयोजित अंबेडकर जयंती मेले में गए थे। मेला देखने के दौरान अज्ञात चोर उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने ऑनलाइन वाहन गुमशुदगी दर्ज कराई और अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।