गाजीपुर। भूजल संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से भूजल सप्ताह के तहत बुधवार को विकास भवन से जागरूकता मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर किया।
मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के निर्देश पर आयोजित भूजल सप्ताह का इस वर्ष का विषय “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” रखा गया है। मोटरसाइकिल रैली विकास भवन से शुरू होकर उच्च प्राथमिक विद्यालय महाराजगंज, प्राथमिक विद्यालय महाराजगंज तथा अगस्ता सलामतपुर पंचायत भवन पहुंची। इस दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं पंचायत भवन पर उपस्थित ग्रामीणों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व की जानकारी दी गई।सहायक अभियंता ने भूजल के घटते स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को भूजल संरक्षण एवं जल बचाने की शपथ भी दिलाई गई।