जमानियां। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी जमानियां के निर्देशन में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह और उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इलायचीपुर नहर तिराहा स्थित एक खंडहरनुमा मकान के पास चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक युवक मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राहुल यादव (22) पुत्र राजू यादव निवासी ग्राम लमुई, थाना जमानियां को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें एक स्प्लेंडर प्लस, जो जमानियां क्षेत्र से चोरी हुई थी, एक सुपर स्प्लेंडर, जो रेवतीपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी तथा एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है। आरोपी के पास से एक .315 बोर का अवैध तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध चोरी, आबकारी अधिनियम, जालसाजी एवं मारपीट सहित विभिन्न मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। अवैध असलहा बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी नया मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप सिंह, हेड कांस्टेबल मिथिलेश कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र कुशवाहा, कांस्टेबल मुकुल मिश्रा एवं रिक्रूट कांस्टेबल निलेश यादव शामिल रहे।