जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बेटावर खुर्द गांव में मामूली विवाद के बाद सगे भाई और उसकी पत्नी पर परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में एक व्यक्ति का सिर फट गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची वृद्ध मां और पीड़ित की गर्भवती पत्नी भी घायल हो गईं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेटावर खुर्द निवासी गोरखनाथ राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 जुलाई 2026 की रात करीब नौ बजे उनके घर के सामने कुछ लोगों की भीड़ लगी थी। उन्होंने अपने भाई पिंटू राम से घर के सामने पंचायत या भीड़ न लगाने को कहा, जिससे वह नाराज हो गया। आरोप है कि पिंटू राम ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे गोरखनाथ के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी वृद्ध मां को भी आरोपित ने धक्का देकर गिरा दिया। वहीं, गोरखनाथ की लगभग दो माह की गर्भवती पत्नी लक्ष्मीना देवी के हस्तक्षेप करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।