गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रदेश के नौ जनपदों में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पद पर चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए पात्र अभ्यर्थी निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़, बलरामपुर, महोबा, संतकबीर नगर, पीलीभीत, अलीगढ़, एटा, गौतमबुद्ध नगर एवं मथुरा जनपदों में अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत के पद पर चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन से संबंधित विस्तृत नियम एवं शर्तों की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, 4/7 गोमती नगर विस्तार, लखनऊ को भेजे जाने की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। विज्ञप्ति एवं आवेदन प्रारूप की प्रतियां नजारत अनुभाग, जनपद न्यायालय गाजीपुर, नजारत अनुभाग जिलाधिकारी कार्यालय, सिविल बार एसोसिएशन तथा कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन गाजीपुर के नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा जनपद न्यायालय, गाजीपुर की वेबसाइट पर भी विज्ञप्ति अपलोड कर दी गई है।