जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के भैदपुर गांव निवासी एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी के मामले में करीब तीन महीने बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भैदपुर गांव निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल उनकी पत्नी सुनीता के नाम पर पंजीकृत है। 14 अप्रैल 2026 को वह बरुईन गांव में आयोजित अंबेडकर जयंती मेले में बाइक से गए थे। मेले के दौरान अज्ञात चोर उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने ऑनलाइन गुमशुदगी दर्ज कराई और अपने स्तर पर भी काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।