गाजीपुर। मंडलायुक्त वाराणसी मंडल एस. राज लिंगम ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, विकास कार्यों एवं राजस्व मामलों की समीक्षा बैठक की। सीएम डैशबोर्ड (दर्पण) आधारित यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई, जिसमें जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं की प्रगति में तेजी लाते हुए प्रत्येक माह की 25 तारीख तक पोर्टल पर अद्यतन विवरण अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायकों के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग, सड़कों के अनुरक्षण, सेतु एवं नई सड़कों के निर्माण, पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कन्या विवाह सहायता, श्रम एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। साथ ही अधिकारियों को नियमित रूप से विभागीय कार्यों की समीक्षा कर समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी राजन राय, उप कृषि निदेशक विजय कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।