गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम तहसील जखनियां में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। तहसील जखनियां में कुल 137 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से सात का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं जनपद की सभी सात तहसीलों में कुल 392 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 32 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।
तहसीलवार प्राप्त शिकायतों के अनुसार सदर तहसील में 38 शिकायतों में से 4, मुहम्मदाबाद में 62 में से 8, जमानियां में 35 में से 3, कासिमाबाद में 49 में से 4, सैदपुर में 26 में से 2 तथा सेवराई में 45 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया।जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का तत्काल समाधान कराया तथा शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश के साथ प्रेषित किया। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद और आपसी विवादों का संयुक्त रूप से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण किया जाए और किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।